Ranchi : गर्मी की दस्तक के साथ ही राजधानी में जल संकट गहराने लगा है.बोरिंग व चापाकलों के सूखने का सिलसिला शुरू हो चुका है. नदी, कुआँ जैसे जलस्रोत सूखने लगे हैं. ऐसे में हर दिन जल संकट की शिकायत नगर निगम तक पहुंच रही है. स्थिति को देखते हुए नगर निगम प्रभावित मोहल्ले में टैंकरों से जलापूर्ति कर रहा है.फिलहाल शहर के 55 मोहल्ले में टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है.शहर के किसी भी मोहल्ले में पेयजल की किल्लत न हो इसके लिए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है .नगर निगम के प्रशासक अमित कुमार ने कहा कि जलसंकट से प्रभावित लोग निगम के हेल्पलाइन नंबर 9431104429 पर शिकायत दर्ज करायें. शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे के अंदर उस मोहल्ले में नियमित रूप से टैंकर से पानी पहुंचाया जायेगा.



