रांची : मांडर विधानसभा क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुँचा है. इस संदर्भ में गुरूवार को माण्डर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन से मुलाकात की और उनसे आग्रह किया कि किसानों की फसलों को हुई क्षति के अनुरूप मुआवजा राशि का ससमय भुगतान किया जाये.माण्डर विधायक ने पत्र में लिखा ”माण्डर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत माण्डर, चान्हो, बेड़ो, ईटकी एवं लापुंग में दिनांक 14 फरवरी 2024 को हुई व्यापक ओलावृष्टि एवं भारी वर्षा के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। माण्डर विधान सभा के माण्डर, चान्हो, बेड़ो, ईटकी एवं लापुंग की पहचान सब्जी उत्पादक क्षेत्र के रूप में है। जहां से सब्जियों की आपूर्ति राज्य के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी की जाती है। आकस्मिक ओलावृष्टि एवं भारी वर्षा से ग्रामीणों की उगाई सब्जियों का बहुत अधिक नुकसान हुआ हैं और इस हुए नुकसान की भरपाई करने में किसान असमर्थ हैं।अतः आपसे आग्रह होगा कि व्यापक ओलावृष्टि एवं भारी वर्षा से प्रभावित किसानों की फसलों की हुई क्षति का आकलन संबंधित विभाग से करा कर प्रभावित किसानों को ससमय मुआवजा राशि उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निर्देश देना चाहेगें।”



