रांची: दुमका जेल से अपराध का नेटवर्क चलाने वाले कुख्यात अपराधी अमन साहू को चाईबासा जेल में शिफ्ट कर दिया गया है. जेल में रहने के बावजूद अमन साहू झारखंड पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है. अमन साहू जेल से ही व्यवसायियों को निशाना बना रहा है. शांति के नाम पर कारोबारियों को लगातार धमकियां मिल रही हैं.जो कारोबारी धमकी को नजरअंदाज कर रहे हैं, उन पर गोलियां बरसायी जा रही हैं. लगातार मिल रही धमकियों से राज्य के रांची, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, लातेहार आदि जिलों में काम करने वाले कोयला कारोबारी दहशत में हैं.डीजीपी के आदेश के बाद एटीएस और सीआईडी संयुक्त रूप से अमन साहू गिरोह पर नकेल कसने की कोशिश कर रही है. अमन साहू और उसके गिरोह की गतिविधियों की समीक्षा करने पर पता चला कि अमन साहू ने गिरिडीह के एक व्यक्ति के पते पर फर्जी तरीके से सिम कार्ड प्राप्त किया था. उस सिम कार्ड का उपयोग दुमका जेल से किया जा रहा था.जांच में यह भी पता चला कि मयंक सिंह के नाम से फेसबुक पेज का संचालन दुमका जेल स्थित एक्टिव सिम से किया जा रहा है. सीआइडी ने मामले की जानकारी दुमका जेल प्रशासन को दी थी. इसके बाद उसका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया।



