रांची: अलकायदा आतंकी अब्दुल सामी को दिल्ली की तिहाड़ जेल से जमशेदपुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया है. उधर, जमशेदपुर सिविल कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को अब्दुल सामी के सहयोगी अब्दुल रहमान कटकी को प्रोडक्शन वारंट पर जमशेदपुर कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है.अब्दुल रहमान समेत चार को दिल्ली पटियाला कोर्ट ने सात साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई है.गौरतलब है कि अल-कायदा की शाखा अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (एक्यूआईएस) का आतंकी जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह निवासी अब्दुल सामी है.शनिवार को दिल्ली पुलिस ने उसे जमशेदपुर सिविल कोर्ट में पेश किया.कागजी कार्रवाई के बाद कोर्ट ने उसे जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल भेजने का आदेश दिया.गौरतलब है कि 18 जनवरी 2016 को दिल्ली की स्पेशल सेल ने बिष्टुपुर धतकीडीह निवासी अब्दुल सामी को हरियाणा के मेवात से गिरफ्तार किया था.अब्दुल सामी, अब्दुल रहमान कटकी, मौलाना कलीमुद्दीन, अब्दुल मसूद और नसीम के खिलाफ आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़ने, संगठन का विस्तार करने, युवाओं को जिहाद के लिए उकसाने और देशद्रोह के आरोप में 25 जनवरी 2016 को जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।अब इस मामले को झारखंड एटीएस देख रही है.



