शनिवार को मछली मार रहे कुछ लोगों को सासाराम के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सोन उच्च स्तरीय नहर में मुरादाबाद पुल के पास रुपयों के बंडल मिले।जिसके बाद आसपास के लोग भी नहर में उतर नोटों की गड्डियां खोजने लगे।अब नहर से नोटों के बंडल लूटने का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग नाले में उतर कर नोटों का बंडल इकट्ठा कर रहे हैं। सासाराम क्षेत्र के सीमा पर स्थित मुरादाबाद नहर के पानी में 100, 200 और 500 के नोटों के बंडल फेंके गए थे। लोग 10-10 रुपए के नोटों से भरी गड्डी भी बटोर रहे हैं।नोट लूटने का वीडियो तेजी से शेयर हो रहा है।यह नोट कहां से आए और किसने फेंके। यह साफ नहीं हो सका है। ये भी स्पष्ट नहीं है कि नोट असली हैं या नकली। पुलिस किसी भी तरह की पुष्टि नहीं कर पा रही।हालांकि स्थानीय लोगों में चर्चा है कि नोट असली है, लेकिन वो इस पर खुलकर बात नहीं कर रहे हैं। मुफ्फसिल थानाध्यक्ष रिजवान अहमद ने बताया कि नोट मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, वहां कुछ मिला नहीं। लोग नहर में नोट मिलने की बात कह रहे हैं। आगे की जांच की जा रही है।



