देखा जाए तो कोरोना वायरस हमारे देश में हवाई यात्रा से ही आया है । हवाई यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए कुछ खास कदम उठाए जाने वाले है ताकि लॉक डाउन खुलने के बाद बिना किसी बाधा के लोग हवाई यात्रा कर सके । दिल्ली हवाई अड्डे की संचालक संस्था दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड समेत तमाम एयरपोर्ट प्राधिकरणों ने संक्रमण को रोकने के लिए एक योजना तैयार की है। इसके तहत हवाई अड्डों की उन जगहों की पहचान की गई है, जहां कर्मचारी और यात्रियों से जुड़ी चीजें एक-दूसरे के संपर्क में आती हैं। ताकि इन चीजों को हर बार संक्रमण रहित किया जा सके और कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
संक्रमण फैलने की सबसे बड़ी आशंका हवाई अड्डों पर प्रवेश के समय ही रहती है। अथॉरिटीज ने यहीं पर संक्रमण रोकने के लिए योजना तैयार की है। प्रवेश के दौरान कॉन्टैक्टलेस सिस्टम तैयार किया गया है ताकि कोई यात्री एक-दूसरे के संपर्क में न आए। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद यात्री सबसे पहले बैगेज ट्रॉली के संपर्क में आते हैं। इस समस्या के निराकरण के लिए फोरकोर्ट एरिया में एक कीटाणुनाशक सुरंग बनाई गई है। साथ ही टिकट और आईडी प्रूफ की स्कैनिंग बिना छुए की जाएगी।



