कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम को प्रभावी बनाने की दिशा में झारखंड के सभी जिले में मास्क चेकिंग अभियान चलेगा. आज 18 मार्च, 2021 से यह अभियान शुरू होगा. अगर घर से बाहर निकल रहे हैं, तो मास्क जरूर पहने वर्ना कार्रवाई होगी. इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के सचिव केके सोन ने राज्य के सभी डीसी को पत्र लिखा है.
कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम की अनदेखी ना हो इसके लिए सरकार ने कड़े कदम उठाये हैं. हमेशा सोशल डिस्टैंसिंग सहित मास्क पहनने और हाथों को सैनिटाइज करने को कहा जाता है. लेकिन, पिछले कुछ समय से लोग इन नियमों का पालन करने में कोताही बरत रहे हैं. यही कारण है कि झारखंड में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ है.
इसकी रोकथाम और आगामी पर्व-त्योहार को ध्यान में रखकर 18 मार्च से कोविड समुचित व्यवहार संबंधित जागरूकता अभियान के तहत मास्क चेकिंग होगा. इस दौरान अगर कोई बिना मास्क पहने पकड़े जायेंगे, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. स्वास्थ्य सचिव केके सोन ने राज्य के सभी जिले के डीसी से मास्क चेकिंग अभियान की रिपोर्ट भी मांगी है.
आपको बता दें कि मार्च महीना के 16 तारीख तक झारखंड में 822 कोरोना संक्रमित पाये गये है. वहीं, 735 लोग स्वस्थ होकर अपने घर वापस लौट चुके हैं जबकि कोरोना वायरस संक्रमण से 4 लोगों की मौत हो गयी है. इसी कारण कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम को लेकर ही 18 मार्च से पूरे राज्य में मास्क चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.



