गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में एक बुजुर्ग की मौत को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों का कहना है कि ई-केवाईसी (e-KYC) की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण रतन लकड़ा को उनकी पेंशन की राशि नहीं मिल सकी। आर्थिक तंगी के चलते समय पर इलाज नहीं हो पाया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
घटना के विरोध में परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए शव को बैंक परिसर में रखकर धरना दिया। उनका आरोप है कि बैंकिंग व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह दुखद स्थिति उत्पन्न हुई।मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लेते हुए गढ़वा के उपायुक्त (डीसी) को पूरे प्रकरण की शीघ्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि मामले की तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और उन्हें इसकी जानकारी दी जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गढ़वा के उपायुक्त ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए रंका के एसडीएम और लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, रतन लकड़ा के परिजनों को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




