रांची, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत रांची जिले में एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से जारी है। जिला प्रशासन के निर्देश पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह से ही घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच फॉर्म वितरित कर रहे हैं।
प्रशासन ने सभी BLO को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन सुबह के समय अधिक से अधिक घरों तक पहुंचकर फॉर्म का वितरण एवं संग्रहण सुनिश्चित करें, क्योंकि इस दौरान अधिकांश मतदाता अपने घरों पर उपलब्ध रहते हैं। इससे अभियान की गति बढ़ेगी और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा सकेगी।
साथ ही, दोपहर बाद BLO द्वारा एकत्र किए गए एन्यूमरेशन फॉर्म का समयबद्ध डिजिटाइजेशन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसका उद्देश्य वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को समानांतर रूप से प्रभावी ढंग से संचालित करना है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
आज जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में BLO ने उत्साहपूर्वक घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया, उन्हें एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया और फॉर्म भरने संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे BLO के साथ पूर्ण सहयोग करें, एन्यूमरेशन फॉर्म को सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।



