ढुल्लू महतो: गैंगस्टर प्रिंस खान से मिली जान से मारने की धमकी

0
dhullu mahto

धनबाद: निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बाद अब धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने भी फरार गैंगस्टर प्रिंस खान पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सांसद का कहना है कि उन्हें व्हाट्सएप संदेशों और फोन कॉल के माध्यम से लगातार धमकियां मिल रही हैं। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखित शिकायत भेजी है, जबकि धनबाद के एसएसपी को भी मौखिक रूप से पूरे मामले की जानकारी दी गई है।

ढुल्लू महतो ने कहा कि हाल के दिनों में उन्हें कई धमकी भरे कॉल और संदेश प्राप्त हुए हैं। उनका आरोप है कि कुछ आपराधिक तत्व अपना प्रभाव बनाए रखने और क्षेत्र का माहौल खराब करने के उद्देश्य से उनके नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ऐसी धमकियों से भयभीत होने वाले नहीं हैं और न ही अपने जनहित के कार्यों से पीछे हटेंगे।

सांसद ने इस मुद्दे को झारखंड की कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब व्यापारी, विपक्षी जनप्रतिनिधि और सत्तारूढ़ दल के विधायक तक अपराधियों की धमकियों का सामना कर रहे हैं, तो यह राज्य में कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि झारखंड में भाजपा की सरकार बनती है, तो संगठित अपराध के खिलाफ कानून के दायरे में रहकर सख्त कार्रवाई की जाएगी और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here