रांची: रांची के चान्हो में सेंट्रल मुहर्रम कमेटी द्वारा आयोजित मुहर्रम मेले में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर एवं कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने मेले में आयोजित पारंपरिक लाठी, डंडा और तलवार के खेल का अवलोकन किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मुहर्रम का संदेश सच्चाई, न्याय और इंसानियत की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में दृढ़ रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व त्याग, साहस और मानवता के मूल्यों को सशक्त करता है।उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उनका साहस, शक्ति और शौर्य सदैव राष्ट्र की सुरक्षा, समाज में शांति और मानवता की सेवा के लिए समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन ही समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और पारंपरिक खेलों का आनंद लिया। कार्यक्रम सौहार्द, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश देने वाला रहा।




