अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में शनिवार रात एक हाई-प्रोफाइल इवेंट के दौरान जब अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प डिनर कर रहे थे, तभी गोलियों की आवाज से पूरा हॉल गूंज उठा.रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल एलेन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया का रहने वाला बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि उसने मौके पर ही हथियार असेंबल किया और 7 से 8 राउंड फायर किए, जिससे हॉल में अफरा-तफरी मच गई.घटना के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘डीसी में काफी अलग शाम रही. सीक्रेट सर्विस और लॉ एनफोर्समेंट ने शानदार काम किया. उन्होंने तेजी और बहादुरी से कार्रवाई की. शूटर को पकड़ लिया गया है.’ उन्होंने आगे कहा कि वह चाहते हैं कि कार्यक्रम जारी रहे, लेकिन अंतिम फैसला कानून प्रवर्तन एजेंसियां ही लेंगी. बाद में ट्रंप ने यह भी जानकारी दी कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी को स्थल खाली करने के लिए कहा गया है और वह व्हाइट हाउस से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में हुई फायरिंग के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति की सुरक्षा पर राहत जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सभी के सुरक्षित होने की खबर सुकून देने वाली है और उन्होंने उनकी लगातार सुरक्षा और कुशलता की कामना की. पीएम मोदी ने साफ कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी सख्त निंदा होनी चाहिए.


