पश्चिम सिंहभूम: झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने आज, 13 अप्रैल 2026 को पश्चिम सिंहभूम जिले का दौरा किया। उन्होंने नकटी जलाशय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे स्थानीय आजीविका का एक मजबूत आधार बताया। मंत्री ने कहा,”पश्चिम सिंहभूम का नकटी जलाशय आज जल संरक्षण, सिंचाई और मत्स्य पालन के जरिए स्थानीय लोगों की आजीविका का मजबूत आधार बन रहा है। इससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है।सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना और स्थानीय संस्कृति को संरक्षित रखना।झारखंड अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य नहीं, बल्कि संतुलित विकास और आत्मनिर्भरता की मजबूत पहचान बन रहा है।”

इससे पहले आज चाईबासा आगमन पर सर्किट हाउस में मंत्री दीपिका पांडे का उपायुक्त चंदन कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार एवं सभी अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया।इस अवसर पर जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध परिणाम सुनिश्चित करने पर सार्थक चर्चा हुई। मंत्री ने कहा है कि हमारा लक्ष्य स्पष्ट है सरकारी योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुँचे और लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव आए।

आज चाईबासा में आयोजित कोल्हान प्रमंडल मुखिया सम्मेलन 2026 में अबुआ आवास योजना के लाभुकों का मंत्री दीपिका पांडे ने सांकेतिक गृह प्रवेश कराया तथा विभागीय स्टॉल्स का अवलोकन किया।मंत्री दीपिका पांडे ने कहा अबुआ आवास योजना के माध्यम से झारखंड सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल सिर्फ घर नहीं, बल्कि सुरक्षा, स्थिरता और आत्मसम्मान का आधार भी सुनिश्चित कर रही है।हमारा लक्ष्य है कि कोई भी परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे और हर जरूरतमंद को पक्का घर मिले।इस अवसर पर सिंहभूम सांसद श्रीमती जोबा मांझी एवं जगन्नाथपुर विधायक सोना राम सिंकू की उपस्थिति रही।




