देवघर:शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम भेष बदलकर भू-अर्जन कार्यालय में छापेमारी करने पहुंची। कार्रवाई की खबर फैलते ही कलेक्ट्रेट में हलचल बढ़ गई। यह छापा गौरीपुर निवासी ब्रह्मदेव यादव की शिकायत पर पड़ा, जिन्होंने जमीन से जुड़े काम के बदले रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। एसीबी की 5–6 सदस्यीय टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की।छापेमारी को सफल बनाने के लिए एसीबी की टीम के डीएसपी और इंस्पेक्टर साधारण वेश में गमछा और थैला लेकर आम आदमी की तरह कार्यालय पहुंचे, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। बातचीत के दौरान कर्मचारियों ने पैसे की मांग की, जिसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भू-अर्जन कार्यालय के प्रधान लिपिक निरंजन कुमार और अनुसेवक नुनुदेव यादव को 20 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया।दोनों को एसीबी की टीम अपने साथ दुमका ले गयी.बताया जा रहा है कि रिंग रोड के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे की राशि जारी करने के बदले कमीशन मांगने के आरोप में ये कारवाई की गई है. एसीबी डीएसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर ट्रैप कार्रवाई की गई है और आगे कानूनी प्रक्रिया जारी है।




