गिरिडीह: गिरिडीह नगर निकाय चुनाव के बाद वार्ड संख्या 18 में हुई हिंसक घटना में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में दो लोग असलम और शमीम गोली लगने से घायल हुए थे।मुख्य आरोपी शिवम आजाद को पुलिस ने मंगलवार शाम दुर्गापुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।घटना के बाद से तीन राज्यों बंगाल, बिहार व झारखंड में ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही थी।घटना के बाद उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने संयुक्त रूप से जनता को आश्वस्त किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन सतर्क और सक्रिय है तथा शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तैनात किया गया, विशेष टीम गठित कर जांच की गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।जिले में कानून-व्यवस्था सामान्य है, लगातार गश्ती और निगरानी जारी है। प्रशासन शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




