रांची: शिल्पी नेहा तिर्की आज रांची के इरबा स्थित Florence Group of Institutions में आयोजित 22वें लैंप लाइटिंग एंड कैंपिंग सेरेमनी में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। कार्यक्रम में छात्रों, अभिभावकों और संस्थान के शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।इस अवसर पर मेदांता के सलाहकार मंजूर अहमद अंसारी, संस्थान की निदेशक डॉ. शाहीन कौशर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग छात्रों ने परंपरागत लैंप लाइटिंग की शपथ लेकर सेवा और समर्पण का संकल्प दोहराया।
मंत्री ने अपने संबोधन में संस्थान के संस्थापक हाजी अहसान अंसारी के सिद्धांतों की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी संस्थान ने शिक्षा की गुणवत्ता और अनुशासन से कभी समझौता नहीं किया। यही कारण है कि झारखंड ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के छात्र भी यहां नामांकन लेने के इच्छुक रहते हैं।उन्होंने कहा कि सेवा का मार्ग आसान नहीं होता, यह संघर्ष और त्याग का मार्ग है। कई बार समय की सीमाओं को लांघते हुए भी कर्तव्यों का निर्वहन करना पड़ता है। मंत्री ने विशेष रूप से उन गरीब परिवारों के छात्रों का जिक्र किया जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत और लगन के साथ अपने परिवार के सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी।मंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार चिकित्सा और नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और सेवा भावना को जीवन का मूल मंत्र अपनाने का आह्वान किया गया।




