रांची:DC मंजूनाथ भजंत्री ने Jawahar Navodaya Vidyalaya, Mesra में आधुनिक आर्चरी एरेना का शुभारंभ किया। यह पहल विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह सुविधा ICICI Foundation के सहयोग से स्थापित की गई है।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के पारंपरिक स्वागत से हुई। छात्राओं ने स्वागत गीत, आकर्षक बैंड डिस्प्ले और पारंपरिक नागपुरी लोक नृत्य की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। विद्यालय के प्राचार्य एनोस केरकेटा ने स्वागत भाषण में अतिथियों का आभार व्यक्त किया।आईसीआईसीआई फाउंडेशन के प्रतिनिधि प्रणव कुमार ने खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की विभिन्न पहलों की जानकारी दी, जबकि विशिष्ट अतिथि कुमार रजत ने तीरंदाजी के लाभ—एकाग्रता, अनुशासन और मानसिक मजबूती—पर प्रकाश डाला।
समारोह के दौरान विद्यालय पत्रिका ‘नव स्वर’ का विमोचन भी मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। साथ ही, शिक्षा मंत्रालय की ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ योजना के तहत रांची जिले के विभिन्न विद्यालयों को फुटबॉल वितरित किए गए।अपने संबोधन में डीसी ने कहा कि आर्चरी एरेना केवल खेल मैदान नहीं, बल्कि युवाओं के लिए अनुशासन, धैर्य और आत्मसंयम की प्रयोगशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल को जीवन दर्शन के रूप में अपनाने की अपील की।कार्यक्रम का समापन अतिथियों द्वारा आर्चरी सूट पहनकर प्रतीकात्मक तीरंदाजी और फीफा फुटबॉल किक-ऑफ के साथ हुआ। यह आयोजन खेल और शिक्षा के समन्वय का सशक्त उदाहरण बना।




