झारखंड: मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित श्रीमंत राजमाता विजयराजे सिंधिया खेल परिसर, कंपू में दिनांक 2 जनवरी, 2026 से 7 जनवरी, 2026 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 एवं अंडर-19 दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का नाम रौशन किया है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान लीग मुकाबलों से लेकर फाइनल मैच तक झारखंड की बेटियों ने अपने दृढ आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का शानदार परिचय दिया। अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में झारखंड ने मध्यप्रदेश को 2–1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल मुक़ाबले में झारखंड ने मध्यप्रदेश को 3–2 से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक भी जीत लिया।




