तेजस्वी यादव: छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए,तो RJD राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन करेगी

0
tejashwi yadav

पटना, 19 अगस्त 2026: बिहार में पेपर लीक, बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बुधवार को पटना में राजभवन/लोकभवन मार्च निकाला। मार्च का नेतृत्व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने किया।जेपी गोलंबर से शुरू हुआ मार्च आगे बढ़ते हुए डाकबंगला चौराहा और इनकम टैक्स गोलंबर की ओर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने हाल में सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर AK-47 के इस्तेमाल के मामले को भी प्रमुखता से उठाया। मार्च में कुछ समर्थक नकली AK-47 मॉडल लेकर भी नजर आए।

प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने और बैरिकेडिंग तोड़े जाने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद पुलिस ने तेजस्वी यादव समेत RJD के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस में बैठाया।हिरासत में लिए जाने के दौरान तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वाटर कैनन की कार्रवाई सम्राट चौधरी के आदेश पर की गई। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई से आंदोलन रुकने वाला नहीं है और जनता सड़कों पर है। तेजस्वी ने यह भी कहा कि वे जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।

RJD नेताओं ने सरकार से छात्रों से जुड़े मामलों में कार्रवाई, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक की घटनाओं पर जवाबदेही तय करने की मांग की। पार्टी ने सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान AK-47 के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा है।तेजस्वी यादव ने चेतावनी दी कि यदि हिरासत में लिए गए छात्रों को तत्काल रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो RJD राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here