झारखण्ड : लतरातु डैम में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के द्वारा 40 केज का उदघाटन , मेजर कार्प का संचयन एवं परिसंपत्ति का वितरण किया गया . मंत्री ने कहा मत्स्य विभाग की पहल पर रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में ये मिल का पत्थर साबित होगा . पहली बार लतरातु डैम में केज कल्चर के माध्यम से मत्स्य पालन की शुरुआत हुई है . लापुंग जैसे प्रखंड के सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में मत्स्य पालन के प्रति लोगों को जागरूक करना विभाग का उद्देश्य है . ऐसा करने से भविष्य में बड़े स्तर पर केज कल्चर के जरिए मत्स्य पालकों और समिति से जुड़े ग्रामीणों को रोजगार के क्षेत्र में बड़ा मुनाफा होगा .रांची का गेतलसूद डैम केज कल्चर से मत्स्य पालन में सफल प्रयोग साबित हो चुका है . लतरातु के मत्स्य पालकों को एक्सपोजर विजिट के माध्यम से गेतलसूद की सफलता से अवगत कराया जाएगा . मत्स्य पालन से ग्रामीण इलाकों में रोजगार के लिए होने वाले पलायन को भी बहुत हद तक रोका जा सकता है . ग्रामीण अपने गांव में – अपने परिवार के बीच – अपनी जमीन से जुड़कर रोजगार कर सकते है . खासकर युवा मत्स्य समिति से जुड़कर इसका लाभ ले सकते है . झारखंड मत्स्य विभाग ग्रामीणों को हर तरह की मदद करने को तैयार है . मत्स्य पालन में झारखंड को नये मुकाम तक ले जाना है और इसमें ग्रामीणों की अहम भूमिका होगी .




