रांची : आज ( 9 जून 2025 ) सुबह भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर कोकर स्थित समाधि स्थल में माल्यार्पण करने पहुंचीं झारखंड की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता श्री उरांव और उनके समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।यह कार्रवाई 30 मार्च को सिरमटोली फ्लाईओवर को लेकर हुए प्रदर्शन मामले में की गयी है, जिसमें आदिवासी समाज द्वारा बैरिकेडिंग तोड़कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था. इस मामले में चुटिया थाना में पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव समेत 21 लोगों के खिलाफ नामजद और 150 से अधिक अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन की सलाह दी गई थी, लेकिन जब वे नहीं माने, तो पुलिस ने गीता श्री उरांव सहित 15 से 20 कार्यकर्ताओं को डिटेन कर लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।




