गिरिडीह: समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मानजनक जीवन और समान अवसर उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के तहत गुरुवार को गिरिडीह नगर भवन में समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदीव्य कुमार और उपायुक्त रामनिवास यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) फंड से जिले के 37 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल प्रदान की गई। मंत्री सुदीव्य कुमार और उपायुक्त ने लाभुकों को ट्राई साइकिल सौंपते हुए उनके आत्मनिर्भर, सम्मानजनक और सुगम जीवन की कामना की।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि दिव्यांगजनों को सुगम आवागमन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ जिले के सभी पात्र लाभुकों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचे।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लाभुक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।




