झारखण्ड : मंत्री इरफ़ान अंसारी ने आज एक्स पर सूचित किया कि ”गरीबों और जरूरतमंदों के हितों की रक्षा हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के तहत हमने फैसला लिया है कि राज्य के 2.88 करोड़ राशन कार्डधारी लाभुकों को जून, जुलाई और अगस्त—तीनों माह का राशन एक साथ दिया जाएगा, ताकि आपदा के समय भी कोई भूखा न सोए।विभाग के द्वारा राशन वितरण के आदेश जारी कर दिए गए हैं साथ ही, सभी जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि वितरण कार्य में कोई भी लापरवाही न हो और लाभुकों को समय पर व सुरक्षित ढंग से राशन प्राप्त हो। गरीबों के साथ अन्याय किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह हेमंत सोरेन जी की संवेदनशील सरकार है और हम जवाबदेही के साथ काम कर रहे हैं। मैं खुद वितरण कार्यों की निगरानी करूँगा और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।सभी डीएसओ, एफसीआई अधिकारियों की एक आपात बैठक बुलाने का निर्देश दिया गया है, जिसमें तीन माह के अनाज का संग्रह, गोदामों की उपलब्धता, लॉजिस्टिक व्यवस्था एवं राशन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर ठोस निर्णय लिए जाएंगे। अधिकारी यह भी सुनिश्चित करे कि, अनाज कहीं भी सड़े-गले नहीं और हर लाभुक को सही मात्रा और गुणवत्तापूर्ण राशन मिले।हमारा हर कदम गरीबों की भलाई के लिए है। हम 24 घंटे जनता की सेवा में लगे हैं। लोगों का विश्वास हमारे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है और हम उसे टूटने नहीं देंगे।”




