Ranchi: पिछले वर्ष दस जून को मेन रोड में होने वाली हिंसा के 11 आरोपियों पर मुकदमा चलाया जाएगा। रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने राज्य सरकार के गृह विभाग से धार्मिक उन्माद फैलाने व दंगा भड़काने से संबंधित धाराओं में मुकदमा चलाने के लिए अनुमति मांगी है। CID SP ने रांची उपायुक्त से अभियोजन चलाने की स्वीकृति की मांग की थी। जिसके बाद सभी के विरुद्ध IPC की धारा 153A, 153 AA, 295 के तहत मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी गई है। उपायुक्त ने राज्य सरकार के गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग से अनुमति मांगी है। इस संबंध में उपायुक्त ने गृह सचिव को पत्र लिखा है। बता दें कि आऱोपी में मो साबिर अंसारी, मो सरफराज, मो तबारक कुरैशी, मो शहबाज, मो उस्मान उर्फ करण कच्छप, मो अफसर, मो अरमान हुसैन, मो रमजान, मो अमजद, मो माज और मो. इरफान अंसारी उर्फ इरफान उर्फ जुबेर आलम का नाम शामिल है। इनके खिलाफ दस जून को रांची के डेलीमार्केट थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी जिसकी जांच सीआइडी कर रही है। बता दें कि रांची के मेन रोड में उपद्रव, गोलीबारी तथा पत्थरबाजी में विरोध में मार्च निकालने वाले जुलूस में शामिल दो युवकों की जान चली गई थी। इस घटना में दोनों तरफ से दो दर्जन से अधिक पुलिस व आम लोग जख्मी हुए थे।



