रांची, 25 नवंबर 2026: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR — Special Intensive Revision) के विरोध में एक प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया गया.वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा पेश किए गए इस प्रस्ताव में जारी SIR प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है । प्रस्ताव में कहा गया है कि प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों के परामर्श से नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाए, प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और इसकी समय-सीमा बढ़ाई जाए। इसके अलावा, प्रस्ताव में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी शामिल की गई है। इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार और संबंधित प्राधिकरणों को भेजा जाएगा।
प्रस्ताव पेश करते हुए मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रियागत जटिलताओं और तकनीकी खामियों के कारण आम मतदाताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है । उन्होंने दावा किया कि झारखंड के कुल 2.21 करोड़ मतदाताओं में से 27 प्रतिशत को संदिग्ध मानकर नोटिस जारी किए गए हैं। किशोर ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने वाला बताया ।
दूसरी ओर, विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस प्रस्ताव और विशेष सत्र का कड़ा विरोध किया । नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इस दो दिवसीय विशेष सत्र को “राजनीति से प्रेरित” करार दिया । उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो (JMM) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार SIR के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।सदन में तीखी बहस के बाद प्रस्ताव को बहुमत और ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके पश्चात विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.




