धनबाद की केंदुआडीह कोलियरी स्थित राजपूत बस्ती में 3 दिसंबर को हुए कार्बन मोनोऑक्साइड (CO)गैस रिसाव से प्रभावित ग्रामीणों ने बीसीसीएल के विस्थापन प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सोमवार को ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन छोड़कर बेलगड़िया या करमाटांड नहीं जाएंगे। वहीं गैस उत्सर्जन से दो महिलाओं की मौत और बड़ी आबादी प्रभावित होने की घटना को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। बुधवार सुबह कोयला मंत्रालय की हाई-लेवल टीम धनबाद पहुंची, जिसमें कोयला मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सनोज कुमार झा, कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक अच्युत घटक और कार्यकारी निदेशक (समन्वय) आलोक ललित शामिल हैं। टीम घटनास्थल की वास्तविक स्थिति की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी।




