नई दिल्ली | केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोमवार को शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर मंथन किया गया। साथ ही डिजिटल शिक्षा के विस्तार और तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी विचार-विमर्श हुआ।केंद्रीय मंत्री ने कौशल विकास को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को रोजगारोन्मुख और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जाएगा। उन्होंने छात्रों का भरोसा मजबूत करने और शिक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
इस उच्चस्तरीय बैठक में शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी, उच्च शिक्षा सचिव डॉ. विनीत जोशी और स्कूली शिक्षा सचिव टी. के. अनिल कुमार सहित मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। प्रह्लाद जोशी वर्तमान में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का कार्यभार भी संभाल रहे हैं।



