रांची : सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी रैली के दौरान सड़क किनारे एक झालमुड़ी की दुकान पर रुककर नाश्ता किया। इस मौके का वीडियो उन्होंने साझा किया, जिसमें वे विक्रेता से झालमुड़ी लेते हुए नजर आ रहे हैं। अब ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने एक्स पर पीएम मोदी को आदिवासी विरोधी बता दिया है,टीएमसी का कहना है कि पीएम मोदी ने झारखण्ड सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी को अपमानित कर दिया है. क्योंकि उनका कार्यक्रम होने के बावजूद घंटो इंतजार के बाद उन्हें रांची लौट जाना पड़ा. टीएमसी ने लिखा,नरेंद्र मोदी की आदिवासी-विरोधी सोच अब सबके सामने आ गई है।क्योंकि “प्रधान सेवक” ने झारग्राम में अपना ठहराव बढ़ाकर झालमुड़ी खाने का फैसला किया, झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी व विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन को मोदी के वहां मौजूद रहने के दौरान अपना हेलीकॉप्टर झारग्राम में उतारने की अनुमति नहीं दी गई।दो लोकतांत्रिक रूप से चुने गए नेता। ज़मीन पर ही रोक दिए गए। घंटों इंतज़ार कराया गया। और अंत में अपने निर्धारित कार्यक्रम को पूरा किए बिना ही रांची लौटने के लिए मजबूर कर दिया गया, सिर्फ इसलिए क्योंकि एक प्रधानमंत्री के नाश्ता ब्रेक में बढ़ोतरी और फोटो-ऑप्स उनके लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक हैसियत से ऊपर रखे गए।यही सम्मान है जो मोदी आदिवासी नेताओं के लिए रखते हैं। यही रवैया है उनका उन निर्वाचित प्रतिनिधियों के प्रति जो उनके सामने झुकते नहीं हैं।वे झारग्राम आदिवासी वोट पाने के लिए आए थे। लेकिन वे उन्हीं लोगों को अपमानित करके चले गए, जिनके साथ खड़े होने का दावा कर रहे थे।बंगाल ने यह देखा है। और बंगाल इसे 4 मई को याद रखेगा।




