नई दिल्ली/रांची: नई दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन का दूसरा दिन झारखंड के लिए ऐतिहासिक साबित हो रहा है।कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, शहरी विकास मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ सचिव और उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
नेशनल स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन में गूगल इंडिया के सरकारी मामलों एवं सार्वजनिक नीति विभाग के प्रमुख राजेश रंजन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की।उन्होंने कहा अब जो स्पीड और कमिटमेंट दिख रही है, वो पहले के मुकाबले काफी अलग और सकारात्मक है।
IBM इंडिया के सीनियर एडवाइजर तल्लीन कुमार ने कहा कि झारखण्ड में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और गवर्नेंस के लिए असीम संभावनाएं हैं। AI, क्लाउड कंप्यूटिंग और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाकर राज्य का सही विकास संभव है, और इसमें IBM सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के अनुसार, बैठक के दौरान आईटी और टेक्नोलॉजी क्षेत्र की कई राष्ट्रीय एवं वैश्विक कंपनियों ने झारखंड में निवेश और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में रुचि दिखाई। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि झारखंड स्वास्थ्य विभाग जल्द ही Google के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) करने की तैयारी में है। उनके अनुसार, इस साझेदारी का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक का विस्तार करना और आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना है।




