रांची: राजधानी रांची की ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा को लेकर झारखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर रथ यात्रा और मेले की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, नियंत्रण कक्ष तथा संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीजीपी ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुचारु यातायात व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन दल की उपलब्धता तथा त्वरित कार्रवाई के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने मंदिर समिति के सदस्यों से भी बातचीत कर उनके सुझाव सुने और अधिकारियों को उपयोगी सुझावों को अमल में लाने का निर्देश दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया।डीजीपी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी, ड्रोन कैमरों के उपयोग तथा सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती के भी निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), सिटी एसपी सहित पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने डीजीपी को रथ यात्रा की सुरक्षा योजना और तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी दी।




