फरियादी किन्नर ने जनता दरबार में जमकर हंगामा किया. किन्नर ने एसएसपी अवकाश कुमार से मिलने को लेकर हंगामा किया. वह एसएसपी की गाड़ी के सामने आ गयी और इंसाफ की मांग करने लगी. किन्नर ने कहा कि हमें न्याय दीजिए, हमसे मिलिए, बात कीजिए और नहीं तो हम पर गाड़ी चढ़ा कर आगे बढ़ जाये. काफी मुश्किल से किन्नर को एसएसपी की गाड़ी के सामने से हटाया गया. वहां मौजूद लोगों ने बताया कि जनता दरबार में किन्नर काफी देर तक चुपचाप बैठी हुई थी. लेकिन एसएसपी से किन्नर की मुलाकात नहीं हो पायी. जब एसएसपी जनता दरबार से निकल कर अपनी गाड़ी में बैठ गये तो किन्नर भागते हुए वहां पहुंची और गाड़ी के सामने खड़ी हो गयी. एसएसपी की गाड़ी के सामने किन्नर के खड़े हो जाने से एसएसपी दफ्तर पर अफरातफरी मच गयी. जिसके बाद सुरक्षा में तैनात अधिकारियों ने किसी तरह किन्नर को वहां से हटाया. एसएसपी के जाने के बाद किन्नर हल्ला मचाती रही.



