MP News: एक चौंकाने वाली घटना में, एक निजी कॉलेज के एक पूर्व छात्र ने मार्कशीट को लेकर कथित तौर पर संस्थान के 54 वर्षीय प्रिंसिपल को आग लगा दी। घटना सोमवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुई। 24 वर्षीय पूर्व छात्र आशुतोष श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया है।मार्कशीट को लेकर श्रीवास्तव ने कथित रूप से उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी, जिससे प्रिंसिपल विमुक्ता शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं. शहर के चोइथराम अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि विमुक्ता 80 फीसदी तक जल चुकी हैं और उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।इस बीच, कॉलेज ने मंगलवार को कहा कि पूर्व छात्र प्रिंसिपल पर अपने खिलाफ एक पुराना केस वापस लेने का दबाव बना रहा था. घटना सिमरोल इलाके के बीएम कॉलेज ऑफ फार्मेसी की है.
संस्थान प्रबंधन के मुताबिक श्रीवास्तव प्राचार्य पर अनुचित दबाव बना रहा था. वह मार्कशीट को लेकर हुए विवाद में संस्थान के एक प्रोफेसर पर चाकू से हमला करने के चार माह पुराने मामले को वापस लेने का दबाव बना रहा था।पुलिस के अनुसार, श्रीवास्तव ने विमुक्ता पर तब हमला किया जब वह घंटों पढ़ाने के बाद परिसर में बिल्व पत्र तोड़ रही थी। श्रीवास्तव पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।अधिकारियों ने आरोपी के हवाले से बताया कि उसने जुलाई 2022 में बी.फार्मा की परीक्षा पास की थी, लेकिन कई मांगों के बावजूद कॉलेज प्रबंधन उसे उसकी मार्कशीट नहीं दे रहा था, जिसे कॉलेज ने खारिज कर दिया.



