सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput Death Case) की मौत के मामले में सीबीआई जांच के आदेश हो चुके हैं, लेकिन सीबीआई टीम अभी तक जांच शुरू नहीं कर पाई है. इस बीच गोरखपुर से बीजेपी सांसद और भोजपुरी फिल्मों के जाने-माने एक्टर रवि किशन (Ravi Kishan) ने भी सुशांत केस की सीबीआई जांच जल्द शुरू करने की मांग की है.News18 से बात करते हुए रवि किशन ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की प्रतिभा और उनके काम के लिए बहुत प्रतिबद्धता देखकर मुझे यकीन था कि वह अगले बड़े स्टार बनने जा रहे हैं. इसलिए उनके निधन से मुझे सदमा पहुंचा. मैं सुशांत सिंह राजपूत को करीब से जानता था. वह मुझे बड़े भाई की तरह स्नेह करते थे. वह जिंदादिल इंसान था. मुझे पूरा विश्वास है कि उसके जैसा दिलेर और बहादुर इंसान कभी आत्महत्या नहीं कर सकता है. इसलिए उसकी मौत की जांच होनी चाहिए. लोगों को सच का पता चलना चाहिए कि आखिर सुशांत के साथ ऐसा क्या हुआ था, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई.रवि किशन ने आगे कहा, ‘मैंने सुशांत सिंह मामले की जांच के लिए 20 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी भी लिखी है. मैं भी एक कलाकार हूं. एक कलाकार अपनी कला, अपनी बॉडी से बहुत प्यार करता है. वो इसे नष्ट करने की कैसे सोच सकता है. जरा सोचिए, सुशांत एक हंसमुख इंसान था. अपने टैलेंट और बॉडी से प्यार करने वाला था. उसकी फिल्में भी तो अच्छा बिजनेस कर रही थी. फिर ऐसी क्या बात हो सकती है. इसका पता तो चलना ही चाहिए ना.’उन्होंने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के आस-पास के हालात स्पष्ट नहीं हैं. मामला शुरू से ही संदिग्ध लग रहा है. उनके कई सहयोगियों व करीबियों ने उनकी मौत की घटनाओं पर सवाल उठाए हैं. सुशांत की अंतिम दिनों के दौरान होने वाली घटनाओं के बारे में मीडिया के माध्यम से सामने आने वाली रिपोर्ट संदेहास्पद है. ये सभी बातें उसकी मौत पर संदेह पैदा करती हैं. इसकी गहन जांच की जरूरत है.रवि किशन कहते हैं, ‘हालांकि मुंबई पुलिस उनकी मौत की जांच कर रही है, लेकिन मेरी राय में और उनके कई सहयोगियों और करीबी मित्रों की राय में, सीबीआई द्वारा जांच उनकी मौत के पीछे की सच्चाई का पता लगाने का एकमात्र तरीका है.’ वह कहते हैं, ‘रिया चक्रवर्ती को किस बात का डर? वो क्यों डर रही हैं? अगर उन्होंने कुछ किया ही नहीं, तो जांच का सामना करे. असली बात खुद ब खुद सामने आ जाएगी.
’बता दें कि अभिनेता रवि किशन ने पीएम मोदी को चिट्ठी में लिखा था, ‘मैं मुंबई पुलिस की काबिलियत पर सवाल नहीं उठाना चाहता. वास्तव में, उन्होंने अब तक एक शानदार काम किया है, लेकिन इस मामले में कई कोण है जो दूर-दूर तक फैले हुए हैं और सीबीआई अच्छी तरह से सुसज्जित है और ऐसे उच्च प्रोफाइल मामलों की जांच करने के लिए अच्छी तरह से सक्षम और तैयार है. इसलिए, मैं अनुरोध करता हूं कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत की सीबीआई जांच का आदेश दिया जाए. यह न केवल शोक संतप्त परिवार को न्याय प्रदान करेगा, बल्कि फिल्म उद्योग में अन्य नए लोगों को भी सुरक्षा और सांत्वना प्रदान करेगा जो एक निशान बनाने की कोशिश कर रहे हैं.’Ranjana pandey



