रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र के वेस्ट सरोवर नगर, देवी मंडप रोड सुजीत कुमार गुप्ता के बंद घर में चोरों ने दो सोने की चेन, दो जोड़ी सोने की बालियां, चार सोने की अंगूठियां, नाक और कान के गहने, चांदी के पायल, बिछिया और कड़ा समेत कई कीमती आभूषण, लगभग 15 लाख रुपये के गहने और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर ली. घरवालों का कहना है कि चोरो ने घर के चार दरवाजों का ताला तोड़ा और चार अलमारियों के लॉक भी काटे। पीड़ित सुजीत ने आशंका जताई है कि चोरों को पहले से पता था कि घर में गहने कहां रखे गए हैं। उन्होंने केवल गहनों पर ही हाथ साफ किया, बाकी सामान को बिल्कुल भी नहीं छेड़ा। हालांकि, पूरे घर को गहनों की तलाश में छानबीन के दौरान तहस-नहस कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे पड़ोसी ने फोन कर घर का मुख्य दरवाजा टूटा होने की सूचना दी. इसके बाद परिवार रात 1 बजे घर पहुंचा, जहां अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए.सुजीत कुमार गुप्ता के पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्धों की तस्वीर कैद हुई है. यह घटना शाम करीब 6:20 बजे की है, जब तेज आंधी और बारिश हो रही थी. वीडियो में देखा गया कि तीन लोग घर में घुसे, जिनमें से दो नकाब पहने हुए थे, जबकि एक का चेहरा खुला हुआ था. पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर जांच कर रही है.




