रांची: SIR को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ डीसी की बैठक, 14 अक्टूबर तक होगी सुनवाई

0
ranchi dc manjunath bhajantree

रांची। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर रांची डीसी मंजुनाथ भजंत्री ने शनिवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान SIR के तहत नोटिस वितरण और सुनवाई के चरण की प्रगति की समीक्षा की गई।डीसी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि 14 अक्टूबर 2026 तक नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं की सुनवाई की जाएगी। उन्होंने प्रतिनिधियों से मतदाताओं तक समय पर सूचना पहुंचाने और सुनवाई की प्रक्रिया के संबंध में आम लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि और स्थान पर आयोजित सुनवाई में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें। प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर संबंधित प्राधिकारी द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में बीएलए-2 के माध्यम से बीएलओ को सहयोग करने पर भी चर्चा हुई। राजनीतिक दलों से फॉर्म-6 और फॉर्म-8 से जुड़े कार्यों में बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करने तथा पात्र मतदाताओं के आवेदन और सुधार संबंधी मामलों को निर्वाचन प्रक्रिया के अनुरूप आगे बढ़ाने का अनुरोध किया गया।

बैठक में बताया गया कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले भारतीय नागरिक नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। राजनीतिक दलों से पात्र युवाओं और अन्य नागरिकों को जागरूक करने तथा फॉर्म-6 के अधिकाधिक मोबिलाइजेशन में सहयोग करने की अपील की गई।डीसी ने स्पष्ट किया कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची से न छूटे और कोई अपात्र व्यक्ति इसमें शामिल न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here