रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में बुधवार को एक कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे दो साल के लड़के सहित तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना राज्य की राजधानी रांची से लगभग 60 किलोमीटर दूर रजरप्पा के चितरपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 23 पर सुबह करीब 3.30 बजे हुई, जब 10 यात्रियों वाली कार ट्रक से टकरा गई।रजरप्पा पुलिस थाना प्रभारी संजय कुमार नायक ने कहा, “एक महिला और उसके दो साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने रांची के रिम्स ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।”उन्होंने बताया कि घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।नायक ने कहा कि कार सवार लोग रामगढ़ के चेतर गांव से गिरिडीह जिले के पारसनाथ पहाड़ियों की यात्रा पर थे।अधिकारी ने बताया कि सुबह कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के कारण कार ट्रक से टकरा गई।



