हज़ारीबाग़: हज़ारीबाग़ में नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया है.बुधवार की देर रात आधा दर्जन नक्सलियों ने रेलवे लाइन निर्माण में लगे 4 वाहनों में आग लगा दी. साथ ही एक धमकी भरा पत्र भी छोड़ा.मामला हज़ारीबाग़ के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के शाहपुर हेसा कुंडर गांव का है.गुरुवार सुबह 3 बजे नक्सलियों ने वारदात को अंजाम दिया.घटना में निर्माण कार्य में लगी कंपनी को करोड़ों का नुकसान हुआ.घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब तीन बजे नक्सलियों ने शाहपुर हेसा कुंडर गांव में रेलवे लाइन निर्माण में लगे चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया.नक्सलियों ने 2 हाईवा, 1 पेलोडर और 1 पिकअप वैन को आग के हवाले कर दिया.जाते समय नक्सलियों ने एक पर्चा भी छोड़ा जिसमें संगठन से संपर्क किये बिना निर्माण कार्य नहीं करने की चेतावनी दी गयी है.गौरतलब है कि नक्सली हमले का शिकार हुए वाहन कठौतिया-टोरी चंदवा रेलवे लाइन के निर्माण कार्य में लगे थे.स्थानीय लोगों का मानना है कि लेवी विवाद को लेकर उग्रवादियों ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया है.आपको बता दें कि हाल ही में झारखंड में उग्रवाद को लेकर दिल्ली में हुई बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गृह मंत्री को कई अहम जानकारियां दी थीं.मुख्यमंत्री ने कहा था कि झारखंड में नक्सलवाद नियंत्रण में है और अब कुछ ही इलाकों तक सीमित है.



