रिपब्लिक को मुंबई पुलिस का समन, कंगना के बंगले के सामने भीड़ इकट्ठा करने का आरोप

0

Republicअब मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक टीवी को एक समन भेजा है. आरोप है कि रिपब्लिक टीवी ने बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के बंगले के बाहर भीड़ इकट्ठा की थी.

फर्जी टीआरपी के आरोपों से घिरे रिपब्लिक टीवी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. अब मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक टीवी को एक समन भेजा है. आरोप है कि रिपब्लिक टीवी ने बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के बंगले के बाहर भीड़ इकट्ठा की थी. इस मामले में 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है.

मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के रिपोर्टर को समन भेजा है. कंगना रनौत का बंगला खार पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है. आरोप है कि बंगले के बाहर रिपब्लिक टीवी ने भीड़ को इकट्ठा किया और लोगों को भड़काया. पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के रिपोर्टर प्रदीप भंडारी को अपना बयान दर्ज कराने के लिए समन भेजा है.

मुंबई पुलिस के सूत्रों ने कहा कि इस मामले में उनका बयान महत्वपूर्ण है और उन्हें समन मिलने के तुरंत बाद पुलिस स्टेशन में उपस्थित होने के लिए कहा गया है. भीड़ को इकट्ठा करने और उकसाने के बारे में जांच करने के लिए इस मामले में खार पुलिस द्वारा 15 से अधिक लोगों को उठाया गया था.

  • क्या हुआ था बंगला तोड़ने वाले दिन

9 सितंबर को बीएसमी ने बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत का पाली हिल्स स्थित बंगला तोड़ दिया था. बीएमसी ने कंगना पर अवैध निर्माण का आरोप लगाया था. इस बंगले को तोड़े जाने के वक्त देश-दुनिया की मीडिया वहां मौजूद थी. इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंच गए थे और हंगामा करने लगे थे, जिन्हें मुंबई पुलिस ने खदेड़ दिया था.

मुंबई पुलिस का आरोप है कि बंगला तोड़ने के दौरान रिपब्लिक टीवी ने भीड़ जमा की थी और लोगों को उकसाया था. इस मामले में रिपब्लिक के रिपोर्टर प्रदीप भंडारी को नोटिस भेजा गया है. उनसे पूछताछ के बाद मुंबई पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.