मुंबई के पायधुनी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है.आशंका जताई जा रही है कि डिनर में बिरयानी के बाद तरबूज खाने से फूड पॉइजनिंग के कारण एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि जांच में अभी इसका खुलासा होना बाकी है. मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो मासूम बेटियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया (35), और बेटियों आयशा (16) व जैनब (13) के रूप में हुई है।तरबूज उनके रिश्तेदार लेकर आए थे।यह भी बताया गया है कि जिन लोगों ने केवल चिकन पुलाव खाया था, उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई।बताया जा रहा है कि रिश्तेदारों के जाने के बाद, परिवार के चारों सदस्यों ने रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच तरबूज खाया. इसके कुछ ही समय बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी. पेट दर्द, उल्टी जैसे लक्षण सामने आए.चारों को इमरजेंसी में जेजे अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान सबसे छोटी बेटी ज़ैनब की रविवार सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई. इसके बाद आयशा, नसरीन और आखिर में पिता अब्दुल्ला ने भी दम तोड़ दिया. अब्दुल्ला की मौत रात करीब 10:30 बजे हुई. पुलिस ने आशंका जताई है कि मामला फूड पॉइजनिंग का हो सकता है, खासकर तरबूज खाने के बाद यह स्थिति बनी।फिलहाल जेजे मार्ग पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है.




