बोकारो/रांची: जैक इंटर आर्ट्स परीक्षा 2026 की स्टेट टॉपर बोकारो के कसमार प्रखंड की छोटी कुमारी की आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई प्रभावित होने की खबर सामने आने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने उसकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने अपने निजी वेतन से छोटी कुमारी की एक वर्ष की हॉस्टल फीस देने की घोषणा की है।विधायक जयराम महतो ने सोशल मीडिया पर बताया कि सुबह अखबार में छोटी कुमारी की खबर पढ़ने के बाद उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं के माध्यम से उसके परिवार को बुलाया और अपनी ओर से पूरे एक वर्ष की हॉस्टल फीस की आर्थिक सहायता प्रदान की।उन्होंने कहा कि परिवार को यह भी आश्वस्त किया गया है कि भविष्य में आर्थिक अभाव के कारण छोटी कुमारी की पढ़ाई नहीं रुकेगी। उन्होंने कहा, “शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है। आर्थिक तंगी किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के सपनों के बीच बाधा नहीं बनने दी जाएगी। संघर्ष जारी है।”
गौरतलब है कि 6 मई को घोषित जैक इंटर आर्ट्स परीक्षा में 487 अंक हासिल कर छोटी कुमारी राज्य की टॉपर बनी थी। रांची महिला कॉलेज में उसका नामांकन हो चुका है, लेकिन 16 हजार रुपये की वार्षिक हॉस्टल फीस जमा नहीं होने के कारण वह नियमित पढ़ाई शुरू नहीं कर पा रही थी। इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी बोकारो उपायुक्त और मंत्री सुदिव्य सोनू को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।


