मंत्री सुदिव्य सोनू ने लॉन्च किया राज्य का पहला ‘ट्री ट्रैकर ऐप’

0
Sudivya Sonu

मेदिनीनगर/पलामू:झारखंड के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने गुरुवार को पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के नव विकसित किला घास के मैदान का फील्ड निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 30 हाथियों के झुंड को उनके नन्हे शावकों के साथ प्राकृतिक परिवेश में विचरण करते देखा। मंत्री ने इसे प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य और समृद्ध जैव विविधता का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि यह संरक्षण के सतत प्रयासों के सकारात्मक परिणाम का प्रमाण है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पलामू टाइगर रिजर्व के उप निदेशक के शिविर कार्यालय का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र में वन प्रबंधन और वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के तहत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं के साथ अखरा घास के मैदान में “अबुआ तोरंग, अबुआ अयो” (हमारा जंगल, हमारी माँ) अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। मंत्री ने कहा कि बच्चों द्वारा लगाए गए पौधे न केवल हरित क्षेत्र का विस्तार करेंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का भाव भी विकसित करेंगे।

इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने राज्य के अपनी तरह के पहले ‘ट्री ट्रैकर ऐप’ का भी शुभारंभ किया। कार्बन कैप्चर डेटा और तकनीक आधारित वृक्ष स्वास्थ्य निगरानी प्रणाली से लैस यह ऐप पौधों की वैज्ञानिक निगरानी को मजबूत करेगा और आम नागरिकों को भी पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।

मंत्री ने कहा कि सरकार आधुनिक तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से वन संरक्षण को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। पलामू टाइगर रिजर्व में जैव विविधता संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और तकनीक आधारित निगरानी की ये पहल राज्य के पर्यावरण संरक्षण प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here