मंत्री राधाकृष्ण किशोर: कांग्रेस महागठबंधन की मजबूती के लिए विष पीने को भी तैयार

0
jharkhand congress pc

रांची: राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस प्रभारी के. राजू के बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस बचाव की मुद्रा में नजर आई। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने विधायक दल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कांग्रेस के सभी विधायकों ने महागठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में एकजुट होकर मतदान किया है और राजद-माले द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।केशव महतो ने चुनाव में “पैसे के खेल” का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी को छह अतिरिक्त वोट कहां से मिले। उन्होंने कहा कि हार का विश्लेषण किया जा रहा है और सहयोगी दलों को सार्वजनिक बयानबाजी से बचना चाहिए।विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि के. राजू की ईमानदारी पर सवाल नहीं उठाया जा सकता. कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने राज्यसभा चुनाव के परिणाम को महागठबंधन के लिए एक सीख बताते हुए कहा कि यह एक बड़ी राजनीतिक लड़ाई का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं था, तब निर्दलीय उम्मीदवार को मैदान में उतारने के पीछे स्पष्ट राजनीतिक रणनीति थी। उन्होंने आत्मचिंतन की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि गठबंधन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने इसे पूरे महागठबंधन की हार बताते हुए कहा कि हार की पीड़ा स्वाभाविक है, लेकिन मर्यादित भाषा का प्रयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन की मजबूती के लिए हर त्याग करने को तैयार है।राधाकृष्ण किशोर ने कहा, ”हमारे 56 विधायक थे। दोनों सीटें जीतनी चाहिए थी।हार से पीड़ा होती है, लेकिन अमर्यादित बयानों से बचना चाहिए। कांग्रेस महागठबंधन की मजबूती के लिए विष पीने को भी तैयार है।”उन्होंने कहा कि भाजपा की “फूट डालो और राज करो” की नीति झारखंड में सफल नहीं होगी और महागठबंधन पहले भी एकजुट था, आज भी है और आगे भी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here