रांची : मंत्री बन्ना गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग का कार्यभार आज से संभाल लिया है। उन्होंने कहा है कि दूसरी पारी में वह सुदृढ स्वास्थ्य व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, महिलाओं के स्वास्थ्य पर फोकस, आधारभूत संरचना और मैन पॉवर की कमी को दूर करेंगे।पार्टी विधायकों के बीच असंतोष के बारे में पूछे जाने पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा“अगर कोई हमसे नाखुश है, तो यह निश्चित रूप से हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम उनकी बात सुनें और उनकी चिंताओं पर चर्चा करें। हम सब एक परिवार हैं. कोई समस्या नहीं है.बता दें कि कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक नाराज विधायक दिल्ली में आलाकमान से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे. चंपई सोरेन की नई सरकार की कैबिनेट विस्तार में मंत्री नहीं बनाए जाने से कांग्रेस के 12 विधायक नाराज हैं. नई सरकार में नए चेहरों को मौका देने को लेकर कांग्रेस में मतभेद उभर आया है. मंत्रिमंडल में कांग्रेस से आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बादल को फिर से मंत्री बनाये जाने पर कांग्रेस के कई विधायकों ने खुलकर विरोध किया है.झारखंड कैबिनेट विस्तार पर कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह ने कहा, “हमने कैबिनेट विस्तार होने से पहले ही अपने विचार रख दिए थे… हमारी मांग थी कि अगर नई सरकार बन रही है और कैबिनेट में फेरबदल हो रहा है तो नए चेहरों को मौका देना चाहिए था…”माण्डर विधायक नेहा तिर्की ने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल होना चाहिए। हमलोगों ने अपनी भावनाओं को लेकर आलाकमान को अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि जो आश्वासन दिया गया था, उसे पूरा किया जाए।जेएमएम विधायक बैद्यनाथ राम भी मंत्रिमंडल में जगह न मिलने से नाराज हैं। उन्होंने बताया-मुख्यमंत्री ने घर पर बुलाया और कहा कि कांग्रेस का बहुत दबाव है. बता दें कि झारखंड विधानसभा में गठबंधन दलों के पास 47 विधायक हैं। जेएमएम के 29, कांग्रेस के 17 और आरजेडी का 1 विधायक है।



