फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री योगी ने मधुर भंडारकर को राम मंदिर के प्रसाद के तौर पर प्रभु राम का सिक्का दिया। इसके अलावा रामचरित मानस, तुलसी माला और कुंभ की कॉफी टेबल बुक भेंट की। हाल में योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी स्थापित करने की बात कही है। फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की और दोनों के बीच करीब 20 मिनट बातचीत हुई। फिल्म सिटी को लेकर मधुर भंडारकर ने कहा कि उन्होंने अच्छा प्रयास शुरू किया है। सीएम ऑफिस की ओर से कहा गया है कि ये एक शिष्टाचार भेंट थी।फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए ट्वीट पर लिखा-‘आदरणीय योगी आदित्यनाथ जी, आज आपसे मिलकर मुझे बहुत प्रसन्नता हुई। निसंदेह आप उत्तर प्रदेश को कुशल प्रशासन दे रहे हैं मेरी आपको ढेर सारी शुभकामनाएं।’उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट की ओर से ट्वीट किया गया-‘मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से उनके लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर फिल्म निर्माता श्री मधुर भंडारकर जी ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने उन्हें राम मंदिर के प्रसाद के तौर पर प्रभु श्रीराम का सिक्का, रामचरित मानस, तुलसी माला व कुंभ की कॉफी टेबल बुक भेंट की।’राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मधुर भंडारकर फिल्म निर्देशक, पटकथा लेखक और निर्माता हैं। मधुर भंडारकर की प्रमुख फिल्मों में त्रिशक्ति, चांदनी बार, सत्ता, पेज 3, कॉर्पोरेट, ट्रैफिक सिग्नल, फैशन, जेल, दिल तो बच्चा है जी, हीरोइन, इंदु सरकार आदि शामिल हैं। मधुर भंडारकर को फिल्म इंडस्ट्री में सराहनीय योगदानों के लिए भारत सरकार ने साल 2016 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया है।ranjana pandey



