झारखंड के लातेहार जिले के पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष, भाजपा नेता और कोयला कारोबारी राजेंद्र प्रसाद साहू को लातेहार जिले के बालूमाथ में बीते 12 अगस्त को अपराधियों ने गोली मार दी थी। जिसके बाद 14 अगस्त सोमवार को सुबह करीब तीन बजे उनकी रांची के मेडिका अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी है। राजेंद्र साहू की मौत की सुचना पर भाजपा समर्थक आक्रोशित हो गये और उन्होंने बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय को पूरी तरह जाम कर दिया। समर्थक इतने आक्रोशित थे कि उन्होंने एक संदिग्ध के घर पर हमला बोल दिया और उसके घर के बाहर लगे वाहन को भी जला दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। आक्रोशित भाजपा समर्थक हत्याकांड में शामिल आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी और फास्ट ट्रेक कोर्ट के माध्यम से सजा दिलाए जाने की मांग कर रहे थे।भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा”लातेहार के पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष व भाजपा नेता राजेंद्र साहू जी के निधन की सूचना से मन व्यथित है। तीन दिनों पहले अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी। निकम्मी हेमंत सरकार की लचर कानून व्यवस्था ने एक और जान ले ली।ईश्वर राजेंद्र साहू जी की दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें व उनके शोकाकुल परिजनों को इस विकट परिस्थिति को सहने की शक्ति प्रदान करें l ॐ शांति!”



