लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव मंगलवार को मथुरा गये हुए थे. वे मथुरा जिले में स्थित गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करना चाहते थे. लेकिन यूपी पुलिस ने उन्हें ऐसा करने रोक दिया. तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि मथुरा पुलिस ने उन्हें गाड़ी से परिक्रमा लगाने की इजाजत नहीं दी. वो अपने पिता लालू यादव की अच्छी सेहत की कामना करने मथुरा पहुंचे थे. इतना ही नहीं, तेजप्रताप ने यूपी पुलिस पर बदतमीजी करने का भी आरोप लगाया है. उन्होने कहा कि यहां की पुलिस बाहर से आये लोगों से सही से व्यवहार नहीं करती. योगी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग बाहर से आ रहे हैं, उनके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हमें करोड़ों लोगों ने चुनकर भेजा है और हम बिहार के प्रतिनिधि हैं.योगी जी को नहीं पता कैसे ट्रीट किया जाता है. बता दें कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत इन दिनों ठीक नहीं चल रही है. उनकी अच्छी सेहत की कामना के लिए तेजप्रताप यादव मथुरा-वृंदावन की यात्रा पर हैं. इसी क्रम में मंगलवार को तेज प्रताव यादव गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा लगाने पहुंचे थे. वो गाड़ी से परिक्रमा करना चाहते थे. जिसकी इजाजत पुलिस ने उन्हें नहीं दी. इसी दौरान पुलिस अफसरों और तेजप्रताप यादव के बीच बहस हो गयी. इसके बाद तेज प्रताव यादव गोवर्धन थाने पहुंचे और उन्होंने इसकी शिकायत की. उन्होंने कहा कि हम अपने पिता की अच्छी सेहत के लिए परिक्रमा करने आये थे. मगर हमें रोका गया है. हम चाहते हैं कि ऐसे पुलिस अफसरों पर कार्रवाई होनी चाहिए. बता दें कि गोवर्धन में गुरु पूर्णिमा के चलते पंच दिवसीय मेला का आयोजन किया जाता है. जिसकी वजह से गुरु पूर्णिमा मेले में रोज लाखों श्रद्धालु गोवर्धन की परिक्रमा लगाने आते हैं.पुलिस ने गुरु पूर्णिमा के मौके पर गोवर्धन में गाड़ियों पर रोक लगा रखी है.



