बॉलीवुड में खिलाड़ी के नाम से मशहूर एक्टर अक्षय कुमार आज अपना 53 वां जन्मदिन मना रहे हैं. अक्षय एकमात्र ऐसे भारतीय फ़िल्म स्टार हैं जिन्हे फोर्ब्स 2020 में दुनिया के 10 सबसे ज़्यादा कमाई करने वाले एक्टर्स की सूची में जगह मिली है.अक्षय इन दिनों स्कॉटलैंड में अपनी अगली थ्रिलर फ़िल्म ‘बेल बॉटम’ की शूटिंग कर रहे हैं. साथ ही सालगिरह के मौके पर अक्षय की फ़िल्म ‘लक्ष्मी बम’ भी रिलीज़ हो रही है. अक्षय की ये फ़िल्म उनके फैंस के लिए किसी गिफ्ट से कम नहीं है.
अक्षय कुमार ने 1987 में आई महेश भट्ट की फ़िल्म ‘आज’ में एक छोटे से किरदार से अपने फ़िल्मी सफर की शुरुआत की थी. इसके बाद वो ‘सौगंध’ में बतौर एक लीड एक्टर नज़र आए. अक्षय को शोहरत सस्पेंस थ्रिलर फ़िल्म ‘खिलाड़ी’ से मिली, इस फ़िल्म के बाद से ही उन्हें बॉलीवुड का खिलाड़ी कहा जाने लगा. ‘खिलाड़ी’ की सफलता के बाद अक्षय ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. अक्षय ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’, ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’, ‘वक़्त हमारा है’ और ‘मोहरा’ जैसी फ़िल्मों में काम करके बॉलीवुड के एक्शन स्टार बन गए.
एक्शन फ़िल्मों के अलावा अक्षय ने कॉमेडी फ़िल्मों में भी अपना हाथ आज़माया है. उन्होंने ‘हेरा फेरी’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, भागम भाग’, ‘वेलकम’, ‘सिंह इज़ किंग’, ‘भूल भुलैया’ और ‘हाउसफुल’ जैसी फ़िल्मों से दर्शकों को बेहिसाब ठहाके लगवाए हैं.
अक्षय कुमार ने ‘राउडी राठौर’, ‘ओह माय गॉड’, ‘स्पेशल 26’, ‘जॉली एलएलबी 2’, ‘हॉलिडे’ और ‘बेबी’ जैसी फ़िल्मों में भी अपने अभिनय का हुनर दिखाया है. साथ ही वो ‘रुस्तम’ में भी लीड रोल में थे, इस फ़िल्म के लिए उन्हें नेशनल अवार्ड भी मिल चुका है.
अक्षय ने समाज को सीख देने वाली फ़िल्मों में भी अभिनय किया है. ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘पैडमैन’ जैसी फ़िल्मों से अक्षय ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया था.अक्षय अपनी निजी ज़िंदगी में बहुत ही पारिवारिक किस्म के इंसान हैं, उन्होंने साल 2001 में ट्विंकल खन्ना से शादी कर ली थी. अक्षय और ट्विंकल बी-टाउन की सबसे मशहूर जोड़ियों में से एक हैं. अक्षय और ट्विंकल के आरव और नितारा नाम के दो बच्चे भी हैं. ranjana pandey



