केरल भारत का पहला राज्य बन गया है जिसने इस्तेमाल किए हुए खाना पकाने के तेल को दोबारा गर्म करने को दंडनीय अपराध घोषित किया है। अब राज्य के होटल, रेस्तरां, स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और सभी खाद्य व्यवसायों के लिए यह अनिवार्य है कि वे कुकिंग ऑयल का उपयोग तीन बार से अधिक न करें। नियमों का उल्लंघन करने पर ₹1 लाख तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा।फूड एंड सेफ्टी कमिश्नरेट ऑफ केरल के अनुसार, तेल को बार-बार गर्म करना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक है, क्योंकि इससे जहरीले तत्व बनते हैं जो कैंसर, हृदय संबंधी बीमारियों और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इसके साथ ही, बार-बार गरम किया गया तेल भोजन के स्वाद, गुणवत्ता और सुरक्षा को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है।




