रांची : मंगलवार को झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग संयुक्त स्नातक स्तरीय (JSSC CGL) परीक्षा पेपर लीक मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच कराने की मांग को लेकर दायर याचिका पर झारखण्ड हाईकोर्ट ने सुनवाई की। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित JSSC CGL परीक्षा का परिणाम और डीवी के लिए चयनित अभ्यर्थियों की एक लिस्ट जारी की गई थी। सोमवार 16 दिसंबर से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी। इस बीच झारखंड हाईकोर्ट में आज पेपर लीक मामले में सुनवाई की गई जिसमें हाईकोर्ट ने ये आदेश दिया है कि इस परीक्षा का अंतिम परिणाम यानी मेरिट लिस्ट अगले आदेश तक जारी नहीं किया जाएगा। जबकि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया दिए गए शेड्यूल अनुसार जारी रहेगी।डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया नामकुम के काली बगान स्थित जेएसएससी कार्यालय में 16 दिसंबर से 20 दिसंबर तक चलेगी। इसके बाद कोई उम्मीदवार जो इस समय में डीवी करवाने से चूंक जाते हैं तो उन्हें 26 और 27 दिसंबर को फिर से मौका दिया जाएगा.




