मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के कल 30 अक्टूबर को मकरमपुर ग्राम में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डीसी ए दोड्डे ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। हेलीपैड,पार्किंग,मुख्य कार्यक्रम स्थल,लोगों,लाभुकों के बैठाने इत्यादि का जायजा लेते हुए ससमय सारे कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।दुमका में मयूराक्षी नदी पर झारखंड का सबसे लंबा पुल बनकर तैयार हो गया है। 2340 मीटर लंबी इस पुल के निर्माण में 198 करोड़ से अधिक की राशि लगी है।यह पुल दुमका सदर प्रखंड के कुमड़ाबाद को मसलिया के मकरमपुर को जोड़ते हुए सिंगरी-हरको पथ से जोड़ती है।पहुँच पथ सहित 2.800 किलोमीटर लंबे इस पुल की चौड़ाई 16 मीटर हैं। हालाँकि बीच में सात स्पैन के बीच पुल को 30 मीटर चौड़ा किया गया है, जो सेल्फी प्वाइंट से लेकर पार्क़िग जोन भी साबित होगा।इस उच्चस्तरीय पुल के बन जाने से ज़िले की एक बड़ी आबादी दुमका शहर के 14-15 किलोमीटर नजदीक आ गई है। पुल बनने से पहले मकरमपुर से दुमका ज़िला मुख्यालय की दूरी 30 किलोमीटर से भी अधिक थी।मकरमपुर ग्राम में प्रस्तावित कार्यक्रम में सीएम विभिन्न विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का भी शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद मुख्यमंत्री 31 अक्तूबर को पलामू में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रवाना होंगे। इस पुल को बनाने का जिम्मा स्टेट हाइवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड को मिला था।




